बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में एक महिला अधिवक्ता ने अपने पूर्व परिचित पर 6.50 लाख रुपये हड़पने, मारपीट करने और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर लालपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता, जो लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र की रहने वाली हैं, ने बताया कि करीब दो साल पहले उनके परिचित कुशाग्र श्रीवास्तव ने आर्थिक परेशानी का हवाला देकर मदद मांगी थी। भरोसा करते हुए उन्होंने 28 नवंबर 2024 को अपने बैंक खाते से 6.50 लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
कुछ समय बाद महिला के पिता की किडनी खराब हो गई, जिसके चलते इलाज के लिए उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी। उन्होंने कई बार कुशाग्र से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन वह हर बार टालता रहा और जल्द पैसे लौटाने का आश्वासन देता रहा।
महिला का आरोप है कि 4 नवंबर 2025 को जब उन्होंने दोबारा रुपये मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने उनके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और धक्का देकर गिरा दिया। आरोप है कि आरोपी ने कहा कि पैसे खर्च हो चुके हैं और वह उन्हें वापस नहीं करेगा। साथ ही दोबारा पैसे मांगने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने पहले स्थानीय थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। उनके आदेश पर लालपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।